IPL मैचों पर ऑनलाइन बेटिंग कराने वाले गिरोह पर शिकंजा
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस प्रशासन ने अवैध जुए और सट्टेबाजी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आईपीएल (IPL) मैचों पर ऑनलाइन दांव लगाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से महंगे स्मार्टफोन, नकदी और करोड़ों के डिजिटल लेन-देन के हिसाब-किताब के साथ दो मुख्य आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा है।
व्हाट्सएप चैट और सट्टा एप से खुला राज
पुलिस को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि शहर के भीतर बड़े पैमाने पर आईपीएल मुकाबलों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। इस इनपुट के आधार पर सक्ती पुलिस ने दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। पहली रेड हटरी धर्मशाला के पास मारी गई, जहाँ मोबाइल और व्हाट्सएप के जरिए सट्टे का पूरा सिंडिकेट ऑपरेट हो रहा था।
पकड़े गए आरोपी श्रेयांश अग्रवाल के व्हाट्सएप चैट से पुलिस को हर गेंद, रन, विकेट और मैच के सेशन पर होने वाली हार-जीत के वित्तीय लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं। तलाशी के दौरान आरोपी के फोन में ‘क्रिकेट गुरु’ (Cricket Guru) नाम का एक प्रतिबंधित सट्टा एप्लीकेशन भी मिला है। पुलिस ने आरोपी के पास से आईफोन 16 प्रो और वीवो टी4एक्स (Vivo T4X) जैसे महंगे मोबाइल हैंडसेट जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 84 हजार रुपये है।
वेबसाइट के जरिए डिजिटल सट्टेबाजी, बैंक खाते खंगाल रही पुलिस
इसी कड़ी में की गई दूसरी छापेमारी में पुलिस ने आदर्श अग्रवाल नाम के एक अन्य सटोरिए को गिरफ्तार किया। यह आरोपी ‘वजीरबुक’ (Wazirbook) नामक कुख्यात वेबसाइट के जरिए लोगों से ऑनलाइन दांव लगवा रहा था। पुलिस को आरोपी के पास से क्यूआर (QR) कोड, संदिग्ध बैंक ट्रांजैक्शन और ऑनलाइन पेमेंट से जुड़े कई महत्वपूर्ण डिजिटल दस्तावेज और स्क्रीनशॉट मिले हैं। सक्ती पुलिस अब आरोपियों के बैंक स्टेटमेंट्स और व्हाट्सएप ग्रुप्स की बारीकी से जांच कर रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य सफेदपोशों और खाईवालों को भी बेनकाब किया जा सके। दोनों आरोपियों से फिलहाल हवाला और अन्य वित्तीय कड़ियों को लेकर पूछताछ जारी है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का तंज: 'प्रधानमंत्री जी, आईपीएल ही बंद कर दीजिए'
इस कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सट्टेबाजी की इन घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया के जरिए केंद्र सरकार और सत्तापक्ष पर तीखा तंज कसा है।
उन्होंने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "प्रधानमंत्री जी, देश में आईपीएल (IPL) को तुरंत बंद कर देना चाहिए। इससे न सिर्फ हजारों लोगों का स्टेडियम आना-जाना रुकेगा जिससे भारी मात्रा में ईंधन की बचत होगी, बल्कि विदेशी खिलाड़ियों को डॉलर में दिया जाने वाला भारी-भरकम भुगतान भी थम जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इससे देश में चल रहा सट्टा का यह काला कारोबार भी रुक जाएगा। वैसे भी अब तो संघ के कार्यकर्ता तक सटोरिए बनने लगे हैं, इस पर भी लगाम लगेगी। क्या आप ऐसा करना चाहेंगे सर?" पूर्व सीएम के इस बयान के बाद प्रदेश के सियासी गलियारों में बहस छिड़ गई है।

बंगाल में OBC-SC-ST प्रमाणपत्रों पर सियासी घमासान, शुभेंदु ने जांच की मांग कर बढ़ाया दबाव
ऑस्ट्रेलिया में हंतावायरस अलर्ट, क्रूज के छह यात्रियों को तीन हफ्तों तक निगरानी में रखा गया
वैश्विक तनाव के दौर में भारत का संतुलित रुख, UAE के साथ हुए समझौतों के दूरगामी मायने
US में अदाणी समूह से जुड़े विवाद पर हलचल तेज, धोखाधड़ी आरोपों के बीच अगला कदम अहम
यात्री समय रहते कूदे, स्लीपर बस में लगी आग में बची जानें
कम काम के दिनों से तनाव और थकान में आ सकती है कमी
घर से काम करना सेहत के लिए कितना फायदेमंद?
प्रधानमंत्री ने सिक्किम को दी शुभकामनाएं, बोले- यहां का अपनापन हमेशा दिल के करीब रहेगा